सिंधिया के प्रयासों से अशोकनगर को 22 वर्षों से लंबित केन्द्रीय विद्यालय की मिली सौगात ,अशोकनगर को मिली केंद्रीय विद्यालय की सौगात पर सिंधिया ने प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान के प्रति व्यक्त किया आभार

नीरज दांगी अशोकनगर

सिंधिया के प्रयासों से अशोकनगर को 22 वर्षों से लंबित केन्द्रीय विद्यालय की मिली सौगात ,अशोकनगर को मिली केंद्रीय विद्यालय की सौगात पर सिंधिया ने प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान के प्रति व्यक्त किया आभार

*अशोकनगर/भोपाल।* गुना सांसद एवं केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के लंबे समय से किए जा रहे प्रयास अब साकार होते नज़र आ रहे हैं। अशोकनगर जिले को 22 वर्षों के इंतज़ार के बाद केंद्रीय विद्यालय की बहुप्रतीक्षित सौगात प्राप्त हुई है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020’ के मूल्यों – गुणवत्ता, समावेशिता और व्यापक पहुंच को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ज्ञात हो कि सिंधिया ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से अशोकनगर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग की थी। अब, गुरुवार को संयुक्त आयुक्त (प्रशा.) दीपेश गहलोत द्वारा जारी पत्र के माध्यम से इसकी विधिवत घोषणा कर दी गई है। संयुक्त आयुक्त के अनुसार, सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगामी 30 दिनों के भीतर प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। यह विद्यालय अशोकनगर के छात्रों के लिए गुणवत्तापूर्ण केंद्रीय शिक्षा प्रणाली का सशक्त माध्यम बनकर, उन्हें समावेशी, राष्ट्रीय और प्रतिस्पर्धी शैक्षणिक वातावरण से जोड़ेगा।

*विद्यालय का शैक्षणिक सत्र 2025-26 जल्द होगा शुरू*

वर्तमान में इस विद्यालय का संचालन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), ग्राम पथरिया, पोस्ट अशोकनगर, जिला अशोकनगर, मध्यप्रदेश में किया जाएगा। प्रारंभिक चरण में विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक (प्रत्येक कक्षा में एक सैंक्शन) संचालित की जाएंगी, और समय के साथ इन कक्षाओं की संख्या क्रमशः बढ़ाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि अब तक अशोकनगर जिले में नवोदय विद्यालय तो था, किंतु केंद्रीय विद्यालय की अनुपस्थिति लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब यह अभाव समाप्त हो गया है। सिंधिया के सतत प्रयासों से गुना, मुंगावली और चंदेरी के बाद अब अशोकनगर भी केंद्रीय विद्यालय नेटवर्क का हिस्सा बन गया है।

*85 नए केंद्रीय विद्यालयों में शामिल है अशोकनगर*

भारत सरकार द्वारा दिसंबर 2024 में जारी आदेश के तहत देशभर में 85 नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिसमें अशोकनगर भी शामिल रहा। इसके उपरांत, स्वयं सांसद एवं केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के माध्यम से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का अशोकनगर को मिली इस बहुप्रतीक्षित सौगात के लिए आभार प्रकट किया था। अशोकनगर में केंद्रीय विद्यालय की सौगात मिलने पर सांसद एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020’ की भावना के अनुरूप शिक्षा की गुणवत्ता और पहुंच सुनिश्चित करने वाली पहल बताया।

*उज्जवल भविष्य की ओर एक मजबूत कदम*

अशोकनगर में केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना न केवल एक शैक्षणिक संस्थान की शुरुआत है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि भी है। इससे स्थानीय छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उनके अपने क्षेत्र में ही सुलभ होगी, जो अब तक केवल बड़े शहरों में ही उपलब्ध थी। यह विद्यालय नयी पीढ़ी को न केवल आधुनिक संसाधनों और उत्कृष्ट शिक्षकों से जोड़ेगा, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं और समग्र विकास की दिशा में उन्हें सशक्त आधार भी प्रदान करेगा। इससे क्षेत्रीय शिक्षा तंत्र को मजबूती मिलेगी और अभिभावकों के लिए यह एक भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरेगा।

About Author

Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!