ऐतिहासिक फाग उत्सव का भव्य आयोजन, भक्तिरस में सराबोर हुआ नगर

राजेश माली सुसनेर

ऐतिहासिक फाग उत्सव का भव्य आयोजन, भक्तिरस में सराबोर हुआ नगर

सुसनेर। नगर में शनिवार को फाग उत्सव का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर की सैकड़ों माताओं एवं बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए फाग गीतों की मधुर स्वर लहरियों पर रंग, गुलाल एवं फूलों से होली खेली। संपूर्ण विद्यालय परिसर कृष्ण भक्ति, संगीत और रंगों की छटा से सराबोर हो उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात भक्ति एवं फाग गीतों की प्रस्तुति ने वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। “आज बिरज में होली रे रसिया…” जैसे पारंपरिक फाग गीतों पर उपस्थित महिलाओं ने सामूहिक नृत्य कर उत्सव को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया।

फूलों की होली और आकर्षक झांकी ने सभी का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे पुष्पों की वर्षा के बीच उपस्थित महिलाएं एवं बालिकाएं श्रीकृष्ण भक्ति में लीन नजर आईं। कार्यक्रम के दौरान अनुशासन एवं गरिमा का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे आयोजन सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रहा।

सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। व्यवस्थाओं की उत्कृष्टता एवं सामूहिक सहयोग ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।

उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।

समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने सभी माताओं-बहनों, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। यह फाग उत्सव नगर में लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा और सामाजिक समरसता व सांस्कृतिक एकता का संदेश देता रहेगा।

चित्र : सुसनेर में फाग उत्सव मनाया गया

About Author

Categories: ,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!