गोविंद सिंह राजपूत की गरिमामयी उपस्थिति में मंत्री क्रिकेट महाकुंभ का ऐतिहासिक फाइनल संपन्न, रियल स्टार जैसीनगर बना चैंपियन
सुरखी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बहुचर्चित मंत्री क्रिकेट महाकुंभ के तीसरे चरण का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला जैसीनगर के गोविंद स्टेडियम में खेल प्रेमियों की भारी मौजूदगी, उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। पूरे क्षेत्र की निगाहें इस महामुकाबले पर टिकी थीं। फाइनल में बांसा क्रिकेट क्लब और रियल स्टार जैसीनगर आमने-सामने थे, जहां रियल स्टार जैसीनगर की टीम ने शानदार खेल, बेहतरीन रणनीति और अदम्य जज़्बे का परिचय देते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
मैदान पर हर गेंद और हर रन के साथ रोमांच चरम पर पहुंचता गया। दर्शकों का उत्साह देखते ही बनता था। खिलाड़ियों ने खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे यह मुकाबला लंबे समय तक याद किया जाएगा।
फाइनल मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए अनिमेष राजपूत (रियल स्टार जैसीनगर) को मैन ऑफ द मैच तथा बेस्ट बल्लेबाज का सम्मान प्रदान किया गया। वहीं घातक गेंदबाजी के लिए बेस्ट बॉलर का पुरस्कार कुलदीप चांदोनी करैया को मिला। पूरे टूर्नामेंट में निरंतर शानदार खेल दिखाने पर प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब कुलदीप दुबे (रियल स्टार जैसीनगर) को प्रदान किया गया। पुरस्कारों की घोषणा होते ही मैदान तालियों की गूंज से भर उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि खेल जीवन को दिशा देने का सशक्त माध्यम है। इससे युवाओं में अनुशासन, समर्पण, टीम भावना, संघर्षशीलता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि सुरखी विधानसभा में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं, जरूरत है उन्हें सही मंच देने की, और मंत्री क्रिकेट महाकुंभ इसी उद्देश्य को लेकर निरंतर आगे बढ़ रहा है।
मंत्री राजपूत ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि युवा शक्ति संगठन से जुड़े खिलाड़ियों और कार्यकर्ताओं का आगामी समय में ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी के विशाल मंच पर भव्य सम्मान किया जाएगा तथा उन्हें सुनिश्चित उपहार भी दिए जाएंगे। साथ ही वर्ष 2027 में जैसीनगर के बड़े महादेव मंदिर में 10 दिवसीय भव्य महोत्सव आयोजित करने की घोषणा भी की, जिसमें जिले भर के कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इस घोषणा से उपस्थित जनसमूह में उत्साह की लहर दौड़ गई।
युवा शक्ति के जिला अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि जैसीनगर की धरती प्रतिभाओं की जन्मभूमि रही है। यहां के युवा यदि लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करें तो वे प्रदेश और देश स्तर पर पहचान बना सकते हैं। संगठन का उद्देश्य गांव-गांव से खिलाड़ियों को आगे लाकर उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाना है, और इसके लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार वितरित किए गए। दर्शकों की भारी भीड़, तालियों की गड़गड़ाहट और खिलाड़ियों का जोश इस बात का प्रमाण था कि मंत्री क्रिकेट महाकुंभ अब केवल टूर्नामेंट नहीं, बल्कि क्षेत्र का खेल महापर्व बन चुका है।
मंत्री क्रिकेट महाकुंभ का यह फाइनल मुकाबला सुरखी विधानसभा के खेल इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया।
इस दौरान शैलेंद्र सिंह राजपूत (शेलू राजा), सोनू राजपूत, हरनाम सिंह, धर्मेंद्र पटेल, बृजेंद्र सिंह, धीरज सिंह, मुन्ना पांडे, रामजी, संदीप सिंह भापेल, सनिल सिंह ठाकुर, निरंजन राजपूत, गजभान सिंह, डब्बू आठिया, सुशांत सिंह राजपूत, आशुतोष, विकास, कमल, रविंद्र, हेमंत, पीयूष तिवारी, आकाश, निलेश, विनोद, मोनू, गोपाल, मोहित मुकदम, राहुल घोषी, अमन गौतम, नीरज पटेल, अनूप दुबे, लक्ष्मण, संजय, नीरज , कुलदीप, मुनिराज, अवधेशठाकुर, राजकुमार सेन, लीलाधर, विशन ठाकुर, विक्रम सिंह राजपूत, छोटू विश्वकर्मा, विजय कोरी,दिवस सोनी, सहित खिलाड़ी युवा शक्ति संगठन के कार्यकर्ता एवं हजारों की संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे
Leave a Reply