खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा 698 करोड़ की विकास सौगात बुरहानपुर के उज्जवल भविष्य की नींव धन्यवाद मुख्यमंत्री
– हेलीपैड पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील,नेपानगर विधायक मंजू दादू सहितजनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत
– सांसद कार्यालय के पास गजेंद्र पाटील मित्र मंडल द्वारा किया गया जोरदार स्वागत
बुरहानपुर। बुरहानपुर जिले के लिए विभिन्न विकास कार्यो की सौगात देने के लिए खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आभार माना। नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सांसद ने कहा कि बुरहानपुर के इतिहास में आज का दिन स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया हैं। मुख्यमंत्री के कर-कमलों से 698 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब बुरहानपुर विकास की दौड़ में पीछे नहीं, बल्कि अगली कतार में खड़ा है। यह केवल 698 करोड़ रुपये नहीं हैं, बल्कि यह बुरहानपुर के भविष्य, विश्वास और आत्मसम्मान की पूंजी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विज़न और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के ज़मीनी नेतृत्व का परिणाम है कि आज विकास फाइलों से निकलकर सड़कों, पुलों और गांवों तक पहुँच रहा है।
*जनता से जुड़े मुख्यमंत्री*
सांसद पाटील ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सबसे बड़ी पहचान यह है कि वे सत्ता में रहते हुए भी जनता से जुड़े मुख्यमंत्री हैं, वे एसी कमरों से नहीं, बल्कि ज़मीन पर उतरकर फैसले लेने वाले नेता हैं, यही कारण है कि मेरे संसदीय क्षेत्र की सभी विधानसभाओं में विकास कार्य नए कीर्तिमान गढ़ रहे हैं।
*मेरे अनुरोध परसिंधिबस्ती-लोनी सड़क मार्ग की सौगात देने के लिए धन्यवाद*
सांसद पाटील ने अपने उद्बोधन में कहा कि उनके अनुरोध पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी जी और मुख्यमंत्री जी ने सिंधी बस्ती से लोनी (महाराष्ट्र सीमा) तक लगभग 52 करोड़ रुपये तथा शनवारा से लालबाग तक 16 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नवीन सड़कों की सौगात दी है। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार और उद्योग को भी नई गति मिलेगी। इसके साथ ही भारत सरकार की आरडीएसएस योजना के अंतर्गत जिले में लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से 8 नए विद्युत उपकेंद्र स्वीकृत हुए थे जिनमें से ग्राम तुरकगुराडा, धामनगांव और लालबाग के 3 उपकेंद्रों का लोकार्पण मुख्यमंत्री जी आपके द्वारा किया गया है। यह बिजली परियोजनाएँ कृषि, उद्योग और रोजगार के लिए रीढ़ साबित होंगी।
*निर्दलीय विधायक के कार्यकाल में भी नहीं किया पक्षपात*
सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि हमारी सरकार ने कभी पक्षपात नहीं किया साल 2020 से 2023 के बीच प्रदेश मे भाजपा सरकार बनने पर बुरहानपुर विधानसभा में निर्दलीय विधायक होने के बाद भी किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया। हमारी सरकार ने करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी है।
*विद्यार्थियों के हित में उठाई मांग*
सांसद पाटील ने बताया कि बुरहानपुर के शासकीय छत्रपति शिवाजी महाराज महाविद्यालय में बीकॉम, बीएससी,एमए,राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र आदि के विषय नहीं है। आपके नेतृत्व वाली हमारी सरकार ने हमेशा विद्यार्थियों के हित में निर्णय लिया है मेरा अनुरोध है कि यह सौगात महाविद्यालय को दी जाए।
*युवा नेता गजेंद्र पाटील के नेतृत्व में हुआ जोरदार स्वागत*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बुरहानपुर आगमन पर निकले भव्य रोड शो का सांसद कार्यालय के समीप मंच से भाजपा युवा नेता गजेंद्र पाटील के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा व नारों के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण,युवा कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
Leave a Reply