कांग्रेस ने लॉन्च की ‘नारी सम्मान योजना’:कमलनाथ बोले- मोदी और शिवराज जिस स्कूल में गए, उसे कांग्रेस ने बनाया

दीपक श्रीवास्तव SJ न्यूज एमपी छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने BJP और CM शिवराज सिंह चौहान पर हमला करते हुए कहा, 2018 में हमने वोट से सरकार बनाई, इन्होंने सौदे से सरकार बनाई। मैं मुख्यमंत्री था, सौदा कर सकता था, लेकिन मैंने कहा- कुर्सी जाना है, तो जाए। आज जब हम इनसे सवाल करते हैं, तो कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया? मोदी जी अगर आप स्कूल गए, तो वो स्कूल कांग्रेस ने बनाया था, शिवराज जी, अगर आप कॉलेज गए, तो वो कॉलेज कांग्रेस ने बनाया था।
कमलनाथ ने मंगलवार को छिंदवाड़ा के परासिया में ‘नारी सम्मान योजना’ लॉन्च की। कांग्रेस यह योजना शिवराज सरकार की 1000 रुपए हर महीने देने वाली ‘लाडली बहना योजना’ के मुकाबले में लाई है। कमलनाथ ने मंच से घोषणा करते हुए कहा, हमारी सरकार बनती है तो मध्यप्रदेश में जितनी भी बंद खदाने हैं, उनकी लीज निरस्त कर जमीन गरीबों को देंगे। मध्यप्रदेश में BJP के पास बचा क्या है? पुलिस, पैसा और प्रशासन। याद रखें कल के बाद परसों आता है। पुलिस, पैसा और प्रशासन का आप जो उपयोग करना चाहते हैं, 5 महीने में कर लीजिए।
कांग्रेस की स्कीम में 1500 रुपए हर महीने देने का वादा है। घरेलू गैस सिलेंडर 500 रुपए में दिया जाएगा। ‘नारी सम्मान योजना’ के फॉर्म कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर भरवाएंगे। कांग्रेस का कहना है कि मध्यप्रदेश में सरकार बनने के बाद इस योजना का लाभ महिलाओं को मिलने लगेगा। उन्हें न तो कहीं भटकने की जरूरत है, न कतार में लगने की, रजिस्ट्रेशन फॉर्म घर पर ही भरवाकर रसीद दी जाएगी। कांग्रेस का दावा है कि सरकार आने पर कांग्रेस महिलाओं को सालभर के 18 हजार रुपए (1500 × 12) देगी। सिलेंडर पर सालभर में 7200 (600 × 12) सब्सिडी देगी। इस तरह कांग्रेस महिलाओं को सालभर में 25 हजार रुपए की मदद देगी।
कमलनाथ के भाषण—शिवराज सिंह बेरोजगार नौजवान और किसानों की पुकार नहीं सुन सकते, इनके आंख और कान बंद हैं। इनका मुंह बहुत चलता है। शिवराज बहुत व्यस्त हैं। एक हाथ भ्रष्टाचार में, दूसरा अत्याचार में व्यस्त है। घोषणाओं और झूठ की मशीन बन गए हैं। 5 महीने में चुनाव हैं। जगह-जगह जा रहे हैं। अब यह मुख्यमंत्री शिलान्यास और भूमि पूजन मंत्री हैं। शिवराज जी, जनता को जवाब दीजिए- आपने दिया क्या‌? महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, घर-घर शराब दी, बलात्कार दिया, आदिवासी अत्याचार दिया। यह प्रदेश की तस्वीर है।

About Author

Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!