कलेक्टर ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर उन्हें प्रोत्साहित भी किया

बुद्धनाथ चौहान की खबर

कलेक्टर ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर उन्हें प्रोत्साहित भी किया

छिंदवाड़ा / जुन्नारदेव

कलेक्टर शीलेन्‍द्र सिंह शुक्रवार को जुन्नारदेव विकासखंड तामिया पहुंचे और विभिन्न निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा भी की और उन्हें रूटीन कार्यों के अलावा अन्य नवाचार कर आर्थिक रूप से और सशक्त होने के लिए प्रोत्साहित भी किया। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा श्रीमती कविता पटवा, तहसीलदार तामिया उमराज सिंह वार्ले, सीईओ जनपद पंचायत तामिया श्री संतोष मांडलिक, एनआरएलएम के विकासखंड समन्वयक सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय अमला भी मौजूद था।

       कलेक्टर श्री सिंह सर्वप्रथम तामिया ग्राम पंचायत के भारियाढाना पहुंचे और यहां आदिवासी न्याय महाअभियान के अंतर्गत स्वीकृत भारिया परिवारों के निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया और सीईओ जनपद पंचायत को ये आवास शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही भारिया परिवारों की सुविधा के लिए आवास निर्माण के लिए थोक में कम मूल्य पर रेत एवं अन्य रॉ-मैटेरियल की उपलब्धता हेतु व्यापारियों से चर्चा कर व्यवस्था बनाने के निर्देश तहसीलदार और सीईओ जनपद तामिया को दिए हैं। तामिया ग्राम पंचायत में इस महाभियान के अंतर्गत भारिया परिवारों के लिए 93 आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 30 भारियाढाना के हैं। भारियाढाना के बाद कलेक्टर श्री सिंह ग्राम डुंडीशिखर पहुंचे और यहां ग्रामीण यांत्रिकी सेवाएं द्वारा बनाए गए तालाब का निरीक्षण किया। इस तालाब की मदद से आस-पास के लोगों को गर्मी में भी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है।

       यहां से कलेक्टर श्री सिंह अधिकारियों की टीम के साथ ग्राम कुर्सीढाना पहुंचे और एन.आर.एल.एम. के स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की। जय मां आजीविका समूह की इन महिलाओं के द्वारा चार-चिरोंजी का संग्रहण किया जाता है। कलेक्टर श्री सिंह ने इन चार-चिरोंजी का स्वाद भी चखा। साथ ही समूह की महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि चार-चिरोंजी संग्रहण के साथ ही इसकी प्रोसेसिंग और विक्रय का कार्य भी खुद करें, जिससे बिचौलियों को मिलने वाला लाभ उन्हें मिल सके। इसके लिए उन्होंने सीईओ जनपद पंचायत और एनआरएलएम के विकासखंड समन्वय को जवाबदारी देते हुए समूह की महिलाओं से चर्चा कर चार-चिरोंजी के संग्रहण से लेकर विक्रय तक का कार्य करवाने की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। जिसके बाद कलेक्टर श्री सिंह ने यहां नंदन फलोद्यान भी देखा। इस फलोद्यान में आंवला और उत्कृष्ट वैरायटी के आम लगे हुए हैं, जिसकी कलेक्टर श्री सिंह ने सराहना की।

कलेक्टर की प्रेरणा से स्व-सहायता समूह की महिलाएं अमृत सरोवर में करेंगी मछली पालन- कलेक्टर श्री सिंह ग्राम पंचायत कुर्सीढाना के ग्राम डीबूढाना पहुंचे और पंचायत द्वारा निर्मित अमृत सरोवर तालाब का निरीक्षण किया। यहां तालाब से पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होने से अटल स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा ईंट बनाने का कार्य किया जा रहा है, जिसकी कलेक्टर श्री सिंह ने सराहना की। साथ ही इन महिलाओं को तालाब में मछली पालन करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। आगामी जून माह से स्व-सहायता समूह की इन महिलाओं द्वारा मछली पालन किया जाएगा। यहां से कलेक्टर श्री सिंह ग्राम देलाखारी पहुंचे और संजय निकुंज में बागवानी का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी छात्रवास भी देखा और गति एवं गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आवास निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

About Author

Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!