अभिनेता धर्मेंद्र को मिला राष्ट्रीय किशोर कुमार पुरस्कार…मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग ने किया सम्मानित…
खंडवा ।। बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र देओल को मध्य प्रदेश शासन का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान 2022 प्रदान किया गया है। संचालक, संस्कृति एन.पी. नामदेव ने धर्मेंद्र के मुंबई स्थित निवास पर 18 मई, 2024 को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान-2022 से विभूषित किया। यह सम्मान देओल को अभिनय के क्षेत्र में सतत् सक्रियता, उत्कृष्ट सृजन, सुदीर्घ साधना और श्रेष्ठ प्रतिमानों के लिये प्रदान किया गया है। समाजसेवी एवं किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग ने उत्कृष्टता और सृजन को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने की अपनी सुप्रतिष्ठित परंपरा का अनुसरण करते हुए सिनेमा के क्षेत्र में निर्देशन, अभिनय, पटकथा और गीत लेखन के लिए वार्षिक राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान की स्थापना की है। साल 2022 के लिए मध्यप्रदेश शासन का यह प्रतिष्ठित सम्मान लोकप्रिय अभिनेता धर्मेंद्र देओल को प्रदान किया गया है। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि सम्मान मिलते ही धर्मेंद्र देओल भाव-विभोर हो गये और उन्होंने कहा कि ‘मैं कृतज्ञ हूं मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग के प्रति कि किशोर कुमार जैसे महान व्यक्तित्व के नाम से स्थापित यह राष्ट्रीय सम्मान मुझे प्रदान किया। मैं शुक्रगुजार हूं अपने प्रशंसकों का, जिनका अनंत प्रेम मेरे साथ सदैव बना रहता है। मुझसे पहले जिन महान कलाकारों को यह सम्मान दिया जा चुका है उनमें कुछ मेरे गुरु के समान है, कुछ सम्मानीय हैं और कुछ मेरे साथी भी हैं, आज उनकी सूची में स्वयं का नाम देख प्रसन्नता का ठिकाना नहीं है।
Leave a Reply