मंडलेश्वर में दीप उत्सव आज: आस्था और प्रकाश का अद्भुत संगम संघ शताब्दी वर्ष की थीम पर होगा आयोजन — 51,000 दीपों से जगमगाएगा मां नर्मदा का घाट
मंडलेश्वर।मध्यप्रदेश की अयोध्या कहलाने वाला ऐतिहासिक नगर मंडलेश्वर आज एक बार फिर आस्था और भक्ति के अद्भुत संगम का साक्षी बनने जा रहा है। मां नर्मदा के उत्तर तट पर आज आयोजित होने वाले दीप पर्व महोत्सव में 51,000 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। यह भव्य आयोजन इस वर्ष संघ शताब्दी वर्ष की थीम पर आधारित होगा, जिसमें सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रभाव का संदेश प्रसारित किया जाएगा।
घाट परिसर को आकर्षक रंगोली, पुष्प सजावट और विद्युत अलंकरण से सुसज्जित किया गया है। इस वर्ष की विशेषता अखंड भारत माता की भव्य रंगोली होगी, जो राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश देगी।
आयोजन समिति के अनुसार, दीपोत्सव में इस वर्ष “पंच परिवर्तन” सुंदर झांकियों और कलात्मक चित्रणों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही “ऑपरेशन सिंदूर” का प्रेरक चित्रण भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा, जो राष्ट्र सुरक्षा और नारी सम्मान के प्रतीक के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 6 बजे से होगा। इसमें आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, मंदिरों की सजावट, भव्य आतिशबाज़ी और श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसादी की व्यवस्था की गई है।
भव्य दीपोत्सव की तैयारियाँ पूर्ण हो चुकी हैं। आयोजन समिति, नगर परिषद, समाजसेवी संस्थाएँ और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से मां नर्मदा का घाट आज फिर से आस्था, संस्कृति और प्रकाश का केंद्र बनने जा रहा है।
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। सभी मां नर्मदा की आराधना में दीप प्रज्वलित कर अखंड भारत, समाज और संस्कार के प्रति समर्पण का संकल्प लेंगे
Leave a Reply