हनुमान चौराहे पर चोरों का तांडव, एक साथ तीन दुकानों के ताले टूटे; हजारों का सामान पार

हनुमान चौराहे पर चोरों का तांडव, एक साथ तीन दुकानों के ताले टूटे; हजारों का सामान पार

शहर के सबसे व्यस्त और हृदय स्थल माने जाने वाले हनुमान चौराहे पर बीती रात अज्ञात चोरों ने पुलिस गश्त को ठेंगा दिखाते हुए एक साथ तीन दुकानों को अपना निशाना बनाया। पटेरिया भोजनालय के सामने स्थित इन दुकानों में हुई सामूहिक चोरी की वारदात से व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। चोरों ने न केवल दुकानों के ताले चटकाए, बल्कि हजारों रुपये कीमत का कीमती सामान भी समेट ले गए।

विवेक रेस्टोरेंट सहित तीन दुकानों में सेंधमारी

जानकारी के अनुसार, मुख्य मार्ग पर स्थित विवेक रेस्टोरेंट के संचालक विशाल (गोलू) राठौर को सुबह पड़ोसी दुकानदारों ने ताले टूटे होने की सूचना दी। जब उन्होंने मौके पर पहुंचकर देखा तो रेस्टोरेंट के साथ-साथ पास की दो अन्य दुकानों के भी ताले टूटे हुए थे। विवेक रेस्टोरेंट से चोर एक बड़ा मसाला ग्राइंडर (पिसाई मशीन), पीतल के बड़े भगोने, दो गैस सिलेंडर और अन्य छोटा-मोटा कीमती सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित संचालक के अनुसार, केवल उनकी दुकान से ही लगभग 60 से 70 हजार रुपये का माल पार हुआ है। इसके साथ ही पड़ोस की अन्य दो दुकानों में भी चोरों ने हाथ साफ किया है।

सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हनुमान चौराहे जैसे व्यस्त इलाके में, जहाँ रातभर वाहनों की आवाजाही रहती है, वहां एक साथ तीन दुकानों के ताले टूटना पुलिस की रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े करता है। व्यापारियों का कहना है कि चोर काफी इत्मीनान से आए थे क्योंकि भारी-भरकम ग्राइंडर और सिलेंडर ले जाने के लिए निश्चित ही किसी वाहन का उपयोग किया गया होगा।

पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग

पीड़ित दुकानदार विशाल राठौर ने कैंट थाने में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शहर के मुख्य चौराहों पर ही दुकानें सुरक्षित नहीं हैं, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।।

About Author

Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!