सिंधिया की पहल: गुना में फिर गूँजेगी हॉकी की धमक, ‘शास्त्री स्मृति हॉकी’ को पुनः शुरू करने के लिए कलेक्टर को लिखा पत्र
गुना| खेल प्रेमियों और हॉकी खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। गुना की पहचान बन चुकी देश की बहुचर्चित ‘स्व. लाल बहादुर शास्त्री स्मृति हॉकी प्रतियोगिता’ को पुनः प्रारंभ करने की कवायद तेज हो गई है। क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर नगर पालिका को प्रतियोगिता आयोजित करने हेतु निर्देशित करने को कहा है।
खेल जगत में हर्ष की लहर
वर्षों से बंद पड़ी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के दोबारा शुरू होने की खबर मिलते ही खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है। जिला हॉकी संघ के सचिव ब्रजेश दुबे (बॉबी) ने प्रेस को जारी बयान में केंद्रीय मंत्री सिंधिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल गुना बल्कि पूरे देश में ख्याति नाम है। इसमें देश की नामचीन टीमें और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शिरकत करते रहे हैं, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को प्रेरणा और जनता को उच्च स्तरीय खेल देखने का अवसर मिलता है।
पार्षदों और खेल प्रेमियों का मिला समर्थन
ब्रजेश बॉबी दुबे ने बताया कि लंबे समय से आयोजन न होने के कारण खेल प्रेमियों में निराशा थी। उन्होंने उन पार्षदों के प्रति भी आभार प्रकट किया जिन्होंने हॉकी के शताब्दी समारोह के दौरान जिला कलेक्टर के नाम लिखित समर्थन दिया था। सिंधिया की इस सकारात्मक पहल ने एक बार फिर गुना के खेल मैदानों में रौनक लौटने की उम्मीद जगा दी है। इस पहल से न केवल खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि हॉकी की खोई हुई चमक भी गुना में वापस लौटेगी। –
Leave a Reply