जूनियर रेडक्रॉस का राज्य स्तरीय सह-सद्भावना शिविर हर्षोल्लास से संपन्न , क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना में पाँच दिवसीय शिविर में 28 जिलों के लगभग 700 प्रतिभागियों ने लिया भाग

जूनियर रेडक्रॉस का राज्य स्तरीय सह-सद्भावना शिविर हर्षोल्लास से संपन्न , क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना में पाँच दिवसीय शिविर में 28 जिलों के लगभग 700 प्रतिभागियों ने लिया भाग

गुना। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा भोपाल द्वारा क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना में आयोजित पाँच दिवसीय जूनियर रेडक्रॉस राज्य स्तरीय सह-सद्भावना शिविर का समापन समारोह पूर्वक संपन्न हुआ। यह शिविर दिनांक 12 दिसम्बर 2025 से 16 दिसम्बर 2025 तक आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश के 28 जिलों से आए जूनियर रेडक्रॉस के छात्र-छात्राओं, काउंसलरों, ट्रेनरों एवं वालंटियर्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

समापन अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय श्री अमिताभ मिश्राजी, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, गुना उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर डॉ. किशन यादवजी, कुलगुरू, क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना ने की। विशेष अतिथियों में श्री रामेन्द्र सिंह (जनरल सेक्रेटरी, म.प्र. राज्य शाखा), श्री मनीष रावल (वाईस चेयरमैन), श्री दीपेश मेहता (कोषाध्यक्ष), माननीय डॉ. एल.के. शर्मा (चेयरमैन, जिला रेडक्रॉस गुना), डॉ. रामवीर रघुवंशी (सचिव, जिला रेडक्रॉस गुना) सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शिविर में देवास, रतलाम, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर, खंडवा, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, छतरपुर, दमोह, भोपाल, सीहोर, विदिशा, उमरिया, भिंड, सतना, सीधी, सिंगरौली, ग्वालियर, शिवपुरी, अशोकनगर, दतिया एवं गुना जिलों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। कुल 744 जूनियर छात्र-छात्राएं, 73 काउंसलर/ट्रेनर, 45 वालंटियर, 23 एडवेंचर वालंटियर, 26 होमगार्ड/आपदा प्रबंधन काउंसलर, 38 नगर निगम काउंसलर एवं विश्वविद्यालय के लगभग 65 सदस्य शामिल हुए।

पाँच दिवसीय शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को चित्रकला, फैंसी ड्रेस, एकल व समूह नृत्य, लोक नृत्य, लोक गीत, समूह गान, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिता, झांकी प्रदर्शनी (ग्लोबल डेवलपमेंट गतिविधि) जैसी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला। साथ ही प्राथमिक चिकित्सा, सीपीआर, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, व्यायाम एवं साहसिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया गया।

शिविर की थीम “राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण जागरूकता एवं संरक्षण” रही। इस अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय रैली का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास, अनुशासन एवं एकता की भावना को सुदृढ़ करना, पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रति जन-जागरूकता तथा शासन की जनहितैषी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना रहा।

विविध गतिविधियों के आधार पर आयोजित पुरस्कार वितरण में ग्वालियर संभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान छिंदवाड़ा एवं तृतीय स्थान सिवनी जिले को मिला। अन्य जिलों के प्रतिभागियों ने भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार अर्जित किए।

अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों में सेवा, मानवता, सामाजिक सद्भाव, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करते हैं। शिविर से प्राप्त प्रशिक्षण भविष्य में आपदाओं एवं जरूरतमंदों की सहायता में युवाओं को सक्षम बनाएगा।

समापन अवसर पर आभार प्रदर्शन के साथ शिविर का विधिवत समापन हुआ। यह शिविर निश्चित ही “स्वस्थ युवा – स्वस्थ राष्ट्र” की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

About Author

Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!