राम भक्तों ने दिया भोलेनाथ को न्यौता, शुरू हुई प्रभात फेरी,रामजन्मोत्सव की तैयारियां जोरों पर, गूंजने लगे भजन-कीर्तन
टीकमगढ़। श्री रामनवमी पर्व की तैयारियों को लेकर गुरुवार को श्रीराम जन्मोत्सव परिवार के सदस्यों ने प्रभात फेरी की शुरुआत की। शहर के नजरबाग मंदिर से प्रभात फेरी प्रारंभ की गई। नगर के प्रमुख रास्तों से होते हुए शिव धाम कुंडेश्वर पहुंचे। जहां भगवान भोलेनाथ को श्रीराम जन्म महोत्सव का पहला आमंत्रण पत्र और धर्म ध्वज भेंट किया गया। शिव धाम कुंडेश्वर में मंदिर ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष नंद किशोर दीक्षित ने श्रीराम रथ की आरती उतारकर पूजा अर्चना की। साथ ही श्रीराम भक्तों को प्रसाद बांटा गया। इस दौरान युवाओं ने जय श्रीराम के जय घोष लगाकर उत्साह मनाया। श्रीराम जन्मोत्सव परिवार के सदस्यों ने बताया कि शुक्रवार से शहर में आमंत्रण पत्र वितरण का काम शुरू होगा। 15 अप्रैल तक शहर के 27 वार्डों में प्रभात फेरी निकालकर घर-घर श्रीराम जन्मोत्सव का आमंत्रण पत्र और धर्म ध्वज पहुंचाया जाएगा। आमंत्रण पत्र वितरण के लिए हर दिन अलग-अलग मोहल्ले में टोलियां बनाकर राम भक्त घर-घर पहुंचेंगे। 17 अप्रैल को नजरबाग मंदिर में धूमधाम के साथ भगवान श्रीराम का जन्म महोत्सव मनाया जाएगा।
दोपहर में जन्म के बाद निकलेगी शोभायात्रा
श्रीराम जन्मोत्सव परिवार के सदस्यों ने बताया कि 17 अप्रैल को दोपहर 12 बजे नजरबाग मंदिर में भगवान श्रीराम का जन्म महोत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे से शहर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में दो दर्जन से ज्यादा झांकियां, बैंड, ढोल नगाड़े और बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
Leave a Reply