जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद दुबे ने मतदान सामग्री वितरण कार्य का लिया जायजा मतदान दल निर्वाचन सामग्री के साथ बसों से मतदान केंद्रों के लिए हुए रवाना

ब्यूरो चीफ नरेन्द्र राय SJ न्यूज एमपी

लोकेशन रायसेन

 

जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद दुबे ने मतदान सामग्री वितरण कार्य का लिया जायजा

मतदान दल निर्वाचन सामग्री के साथ बसों से मतदान केंद्रों के लिए हुए रवाना

जिले में 17 नवम्बर को चारों विधानसभाओं में 1226 मतदान केन्द्रों पर होगा मतदान

 

 

रायसेन मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन-2023 कार्यक्रम अनुसार जिले की चारों विधानसभाओं में 17 नवंबर को प्रातः 07 बजे से शाम 06 बजे तक मतदान होना है। मतदान संपन्न कराने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद दुबे के निर्देशानुसार चारों विधानसभाओं में निर्धारित स्थलों पर 16 नवम्बर को मतदान दलों को सामग्री प्रदान कर बसों के माध्यम से मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। मतदान केन्द्रों पर पहुंचने पर मतदान दलों का पुष्प माला पहनाकर स्वागत किया गया।

सांची विधानसभा क्षेत्र के मतदान दलों को स्वामी विवेकानन्द शासकीय महाविद्यालय रायसेन में निर्वाचन सामग्री प्रदान कर बसों के माध्यम से मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद दुबे ने स्वामी विवेकानन्द शासकीय महाविद्यालय रायसेन पहुंचकर मतदान सामग्री वितरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान दलों से संवाद कर उन्हें निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन अनुसार मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विकास शहवाल, सांची विधानसभा की रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती अंजू पवन भदौरिया भी उपस्थित रहीं।

 

कलेक्टर दुबे ने बताया कि रायसेन जिले की चारों विधानसभाओं में सभी 1226 मतदान केंद्रों में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां की गई हैं। होटलों, धर्मशालाओं आदि की जांच की जा रही है। एसएसटी दल, एफएसटी दल तथा पुलिस बल द्वारा भी सघन जांच की जा रही है। निर्वाचन प्रचार-प्रसार हेतु जिले में आए ऐसे नागरिक जो रायसेन जिले के मतदाता नहीं हैं, उन्हें भी जिले की सीमाओं से बाहर जाने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान दलों को आज मतदान सामग्री प्रदान कर बसों से मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जा रहा है। जिले की चारों विधानसभाओं में 10-10 आदर्श मतदान केन्द्र, पिंक बूथ बनाए गए हैं। इनके अतिरिक्त महिला मतदान केन्द्र भी बनाए गए हैं, जिनमें मतदान दल के सभी सदस्य महिलाकर्मी हैं।

 

मप्र विधानसभा निर्वाचन हेतु रायसेन जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1226 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। रायसेन जिले में कुल 1007875 मतदाता हैं, जिनमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 525474 है तथा महिला मतदाताओं की संख्या 482373 है। अन्य मतदाताओं की संख्या 28 है।

 

क्रिटिकल मतदान केन्द्रों के भीतर लगाए गए हैं सीसीटीवी

 

जिले में विधानसभा निर्वाचन हेतु मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। जिले में लगभग 6000 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही 4300 से अधिक पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। जिले की चारों विधानसभाओं में कुल 645 क्रिटिकल मतदान केन्द्र हैं। इनमें विधानसभा क्षेत्र उदयपुरा में 186, भोजपुर में 155, सांची में 166 तथा सिलवानी में 138 क्रिटिकल मतदान केन्द्र हैं। इन सभी 645 क्रिटिकल मतदान केन्द्रों के भीतर सीसीटीवी लगाए गए हैं। इनके अतिरिक्त कुल 44 जगहों पर भी कैमरे लगाए गए हैं।

 

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 140-उदयपुरा

 

मप्र विधानसभा निर्वाचन हेतु रायसेन जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-140 उदयपुरा में 308 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 186 क्रिटिकल/50 प्रतिशत मतदान केन्द्रों के भीतर सीसीटीवी लगाए गए हैं। उदयपुरा विधानसभा में 130 माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं तथा मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराने 339 मतदान दल बनाए गए हैं। इन 339 दलों में कुल 1356 अधिकारियों, कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उदयपुरा विधानसभा में कुल 262082 मतदाता हैं, जिनमें 136690 पुरूष मतदाता, 125387 महिला मतदाता और 05 अन्य मतदाता शामिल हैं।

 

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 141-भोजपुर

 

मप्र विधानसभा निर्वाचन हेतु रायसेन जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-141 भोजपुर में 310 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 155 क्रिटिकल/50 प्रतिशत मतदान केन्द्रों के भीतर सीसीटीवी लगाए गए हैं। भोजपुर विधानसभा में 83 माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं तथा मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराने में 341 मतदान दल बनाए गए हैं। इन 341 दलों में कुल 1364 अधिकारियों, कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। भोजपुर विधानसभा में कुल 255838 मतदाता हैं, जिनमें 133131 पुरूष मतदाताए 122693 महिला मतदाता और 14 अन्य मतदाता शामिल हैं।

 

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 142-सांची

 

मप्र विधानसभा निर्वाचन हेतु रायसेन जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-142 सांची में 332 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 166 क्रिटिकल/50 प्रतिशत मतदान केन्द्रों के भीतर सीसीटीवी लगाए गए हैं। सांची विधानसभा में 100 माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं तथा मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराने 365 मतदान दल बनाए गए हैं। इन 365 दलों में कुल 1460 अधिकारियों, कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सांची विधानसभा में कुल 264582 मतदाता हैं, जिनमें 137657 पुरूष मतदाता, 126918 महिला मतदाता और 07 अन्य मतदाता शामिल हैं।

 

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-143 सिलवानी

 

इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-143 सिलवानी में 276 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 138 क्रिटिकल/50 प्रतिशत मतदान केन्द्रों के भीतर सीसीटीवी लगाए गए हैं। सिलवानी विधानसभा में 86 माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं तथा मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराने हेतु 304 मतदान दल गठित किए गए हैं। इन 304 मतदान दलों में कुल 1216 अधिकारियों, कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सिलवानी विधानसभा में कुल 225373 मतदाता हैं। जिनमें 117996 पुरूष मतदाता, 107375 महिला मतदाता और 02 अन्य मतदाता शामिल हैं।

About Author

Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!